LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

बाईधर प्रधान हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार – जेल भेजे गए

खरसावां थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खून से सना हथियार और कपड़ा बरामद

 

सरायकेला-खरसावां जिला के खरसावां थाना क्षेत्र में हुए बाईधर प्रधान हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई मृतक की पत्नी कनकलता प्रधान के फर्द बयान पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई है।

 

खरसावां थाना कांड संख्या 69/2025 दिनांक 01 अक्टूबर 2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2)/118(2)/109(1)/103(1)/238/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। कनकलता प्रधान ने अपने बयान में आरोप लगाया था कि उसके पति बाईधर प्रधान की हत्या गांव के ही कुछ लोगों ने मिलकर की है।

 

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी जीवनधन प्रधान (45 वर्ष, पिता स्व. जनमजय प्रधान), राजकुमार प्रधान (20 वर्ष) और पंकज प्रधान (25 वर्ष), तीनों ग्राम कोलाईडीह, पोस्ट गालुडीह, थाना कुचाई, जिला सरायकेला-खरसावां के निवासी हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान घटना में इस्तेमाल खून से सनी तलवार और बंकिया, खून लगे कपड़े, दो मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की है।

 

मुख्य आरोपी जीवनधन प्रधान का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले भी कुचाई थाना में वर्ष 2006 और 2013 में कई गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या और मारपीट जैसे आरोप शामिल हैं।

 

इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सवैया ने किया। दल में सरायकेला अंचल के पुलिस निरीक्षक नितिन कुमार सिंह, खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार, आमदा ओपी प्रभारी रमन कुमार विश्वकर्मा और रिजर्व गार्ड शामिल थे।

 

पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए गए हैं। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *