डीएवी पब्लिक स्कूल एनआईटी आदित्यपुर में नशा मुक्ति व कानूनी जागरूकता पर कार्यक्रम आयोजित
सरायकेला:


आज दिनांक 18 अक्टूबर 2025 को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां के सचिव के निर्देशानुसार डीएवी पब्लिक स्कूल, एनआईटी आदित्यपुर में लीगल लिटरेसी क्लब के बैनर तले एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मूल कर्तव्यों, नालसा डॉन योजना 2025, तथा नशा मुक्त भारत अभियान 2025 के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में श्री विजय कुमार महतो ने विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह परिवार और समाज दोनों को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में नशा मुक्त वातावरण बनाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान लीगल लिटरेसी क्लब के प्रभारी शिक्षक श्री पंकज कुमार ने कहा कि क्लब के माध्यम से छात्रों को कानूनी जानकारी प्रदान की जा रही है ताकि वे अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बन सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
इस अवसर पर श्रीमती लीना पांडे, पीएलवी रूपाली पति तथा अनीता मिश्रा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती लीना पांडे ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन पीएलवी रूपाली पति ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

