पान्ड्राशाली ओपी क्षेत्र के चाचा गांव के समीप एक नाले किनारे से शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
खरसावां थाना सीमावर्ती क्षेत्र के अन्तर्गत गुटुसाई गांव एवं पश्चिम सिंहभूम जिला के चाचा दोनों गांव के बीच में एक नाले के किनारे रविवार को शव बरामद किया गया.


शव की पहचान पोटोबेड़ा गांव निवासी रतन स्वांई (45) वर्षीय के रूप में हुई. मिली जानकारी के अनुसार मृतक के बेटे दिपु स्वांई ने बताया कि शनिवार शाम दो अज्ञात युवक पिता से मिलने के लिए घर आए थे. चक्रधरपुर के झरझरा से आए अज्ञात दोस्तों के साथ खाना खाया और खाने के बाद शराब पीने के लिए कहीं बाहर निकल गया. उसके बाद पूरी रात बितने के बाद जब घर वापस नहीं आया तो घर वालों ने खोजबीन शुरू किया. इसी क्रम में गुटुसाई के किसी व्यक्ति ने देखा कि नाले के पास एक शव पडा हुआ है. इसकी सूचना मिलने पर शव को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. इस घटना से खरसावां के पोटोबेड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी. वहीं परिजनो का रो रोकर बुरा हाल हो गया है. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पान्ड्राशाली ओपी प्रभारी मृणाल कुमार एवं आमदा ओपी को सूचना दी. इधर सूचना मिलते ही आमदा ओपी प्रभारी रमण कुमार विश्वकर्मा व पान्ड्राशाली ओपी प्रभारी मृणाल प्रभारी कुमार घटना स्थल पहुंचे और पूरे घटना की जानकारी ली.मृतक के सर पर हल्की चोट का निशान मिला है और गले में बेल्ट से दबाने का निशान मिला है.पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया है. वहीं पुलिस हर बिंदुओं पर जांच कर रही है. पान्ड्राशाली ओपी प्रभारी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा.

