Newsझारखण्ड

e-Kalyan छात्रवृत्ति को लेकर राज्यभर में उबाल, फाइटर विंग ने पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन को सौंपा ज्ञापन; सरकार को 8 दिसंबर तक अंतिम चेतावनी

 

 

जमशेदपुर।

e-Kalyan छात्रवृत्ति में लगातार हो रही देरी, पोर्टल की तकनीकी गड़बड़ियाँ और सत्यापन प्रक्रिया की अव्यवस्था को लेकर झारखंड के छात्रों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इन्हीं मुद्दों पर शुक्रवार को फाइटर विंग के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधायक चम्पाई सोरेन से मुलाक़ात कर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

 

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि छात्रवृत्ति के भुगतान में कई महीनों से हो रही देरी से छात्रों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। कई विद्यार्थी फीस जमा न कर पाने की स्थिति में कॉलेज छोड़ने के कगार पर पहुँच गए हैं। छात्रों का आरोप है कि e-Kalyan पोर्टल बार-बार फेल हो रहा है, दस्तावेज़ अपलोड नहीं हो रहे और शिकायतों का समाधान समय पर नहीं मिल पा रहा है।

 

फाइटर विंग ने सरकार को कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट कहा कि—

“यदि 8 दिसंबर तक छात्रवृत्ति संबंधी समस्याओं का पूर्ण और ठोस समाधान नहीं किया गया, तो 9 दिसंबर को जमशेदपुर में कोलन स्तर का उग्र छात्र आंदोलन किया जाएगा।”

 

संगठन ने बताया कि प्रस्तावित आंदोलन के दौरान राज्य सरकार की लापरवाही के खिलाफ विशाल छात्र मार्च निकाला जाएगा तथा डीसी कार्यालय का घेराव कर प्रशासन को अंतिम मांग पत्र सौंपा जाएगा। छात्र नेताओं ने कहा कि अब यह केवल छात्रवृत्ति का मामला नहीं, बल्कि छात्रों के सम्मान, अधिकार और भविष्य की लड़ाई बन चुका है।

 

पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि वे मामले को तत्काल संबंधित विभाग के समक्ष उठाएँगे और समाधान के लिए हर संभव पहल करेंगे।

 

इस बीच, झारखंड के विभिन्न कॉलेजों में e-Kalyan को लेकर छात्रों में नाराज़गी लगातार बढ़ती जा रही है। 9 दिसंबर को प्रस्तावित यह आंदोलन राज्य के छात्र संघर्ष इतिहास में एक महत्वपूर्ण चिन्ह छोड़ सकता है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *