धनबाद से बड़ी खबर — केंदुआडीह गैस रिसाव पर प्रशासन एक्शन में
धनबाद के केंदुआडीह क्षेत्र में जहरीली गैस रिसाव के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। गुरुवार को डीसी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें बीसीसीएल, डीजीएमएस, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन और जेआरडीए के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में रिसाव की स्थिति, प्रभावित इलाकों की वर्तमान परिस्थितियों और सुरक्षा उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई।


डीसी ने तुरंत प्रभाव से जांच समिति का गठन करने का आदेश दिया। समिति माइंस एक्ट 1952 और आपदा प्रबंधन अधिनियम 2025 के तहत पूरे प्रकरण की जांच करेगी। डीसी ने साफ कहा कि निरीक्षण के दौरान समन्वय में कमी और राहत-बचाव में सुस्ती देखने को मिली, जिसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। जांच में लापरवाही साबित होने पर संबंधित अधिकारियों या एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
प्रभावित families को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। डीसी ने बीसीसीएल के एरिया जीएम को ‘टेंट सिटी’ बनाने का निर्देश दिया, जहां ठंड से बचाव, पीने का पानी, भोजन, बिजली, शौचालय और 24 घंटे चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध रहेगी। प्रशासन और बीसीसीएल संयुक्त रूप से क्षेत्र की लगातार निगरानी करेंगे, जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य न हो जाए।
बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार, सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा समेत कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

