Newsझारखण्ड

पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति भुगतान में देरी, आजसू छात्र संघ ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

राज्य में पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लंबित भुगतान को लेकर आजसू छात्र संघ का प्रदर्शन लगातार तेज हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को आजसू छात्र संघ का एक प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुँचा और राज्यपाल संतोष गंगवार को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के एसटी, एससी और ओबीसी छात्रों की छात्रवृत्ति जल्द जारी कराने की मांग रखते हुए हस्तक्षेप की अपील की।

 

छात्र नेताओं ने राज्यपाल को बताया कि छात्रवृत्ति भुगतान नहीं होने से हजारों छात्र आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कई विद्यार्थी फीस, किराया और अन्य शैक्षणिक खर्च वहन करने में असमर्थ हैं और पढ़ाई जारी रखने के लिए पार्ट-टाइम काम तक करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों से आने वाले इन छात्रों के भविष्य पर इसका सीधा प्रभाव पड़ रहा है।

 

राज्यपाल संतोष गंगवार ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि मामले की जानकारी संबंधित विभागों से लेकर जल्द आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि deserving छात्रों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने में कोई देरी नहीं होने दी जाएगी।

 

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, पीयूष चौधरी, राजकिशोर महतो और प्रताप सिंह शामिल थे।

आजसू छात्र संघ इससे पहले “शिक्षा के लिए भिक्षा : जनाक्रोश मार्च” के तहत भी राजभवन के समक्ष विरोध दर्ज करा चुका है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *