गोवा क्लब आग में झारखंड के तीन युवकों की मौत, CM हेमंत सोरेन ने जताया दुख
गोवा के अरपोरा स्थित एक रेस्टोरेंट-कम-क्लब में रविवार देर रात लगी भीषण आग में 25 लोगों की जान चली गई। हादसे में झारखंड के तीन युवक भी शिकार हुए। मृतकों में रांची जिले के लापुंग प्रखंड के फतेहपुर निवासी प्रदीप महतो (24) और उनके भाई विनोद महतो (22) तथा खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर निवासी मोहित मंडा (22) शामिल हैं। ये सभी कुछ महीने पहले कुक का काम करने गोवा गए थे।


परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। प्रदीप और विनोद महतो के रिश्तेदारों ने बताया कि दोनों भाई रेस्टोरेंट के किचन में काम कर रहे थे और हादसे में उनके गांव के एक पड़ोसी की भी मौत हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्लब में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी के कारण यह बड़ी दुर्घटना हुई। गोवा के मुख्यमंत्री ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि झारखंड के तीन युवकों की मौत अत्यंत पीड़ादायक है और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा भी दिया।

