JamshedpurNewsझारखण्ड

नि:शुल्क हृदय ऑपरेशन के बाद स्वस्थ हुई 10 वर्षीय सावित्री, सिविल सर्जन कार्यालय में हुआ स्वागत

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के लिए एक सुखद और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। सुंदरनगर, जमशेदपुर की 10 वर्षीय बच्ची सावित्री सरदार, जो दिल में छेद (क्रोनिक हार्ट डिजीज) से पीड़ित थी, का हरियाणा स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी सेंटर फॉर चाइल्ड हार्ट केयर, पेरवल में नि:शुल्क सफल ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद वह पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट आई है।

 

इस मानवीय पहल में सिविल सर्जन पूर्वी सिंहभूम डॉ. साहिर पाल की अहम भूमिका रही। उनके प्रयास से सावित्री को सरकारी योजना के तहत न केवल नि:शुल्क इलाज की सुविधा मिली, बल्कि आने-जाने सहित संपूर्ण उपचार की व्यवस्था भी की गई। बच्ची के सकुशल लौटने पर 13 दिसंबर 2025 को सिविल सर्जन कार्यालय में उसका स्वागत किया गया और उसके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की गई।

 

बताया गया कि सावित्री सरदार की पहचान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जुगसलाई में आरबीएसके कार्यक्रम के तहत 14 जून 2025 को स्क्रीनिंग के दौरान हुई थी। इसके बाद सदर अस्पताल स्थित डीईआईसी के चिकित्सकों डॉ. कमलेश कुमार प्रसाद एवं डॉ. राज नारायण तिवारी की टीम ने आवश्यक जांच पूरी कर सिविल सर्जन के निर्देशानुसार 23 नवंबर 2025 को उसे हरियाणा भेजा। वहां 1 दिसंबर 2025 को सफल हृदय शल्य चिकित्सा की गई।

 

सफल वापसी पर आयोजित कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. कमलेश कुमार प्रसाद, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राज नारायण तिवारी, डॉ. सबीहा कौशर, डीईआईसी की सोशल वर्कर नमृता ठाकुर एवं कमलजीत कौर उपस्थित रहीं।

 

इस अवसर पर सावित्री के पिता अभिमन्यु सरदार ने जिला स्वास्थ्य विभाग और सिविल सर्जन की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका परिवार सदैव इस मदद के लिए ऋणी रहेगा। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि बच्चों में हृदय रोग के लक्षण दिखने पर समय रहते सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में जांच कराएं, ताकि इस तरह की नि:शुल्क जीवनरक्षक सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *