सदर अस्पताल परिसर में अवैध दुकानों पर कार्रवाई की मांग
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): सदर अस्पताल चाईबासा परिसर में हो रहे अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ एंटी करप्शन ऑफ इंडिया ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष धी. रामहरि पेरियार ने गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), चाईबासा को इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन में बताया गया है कि सदर अस्पताल के पूर्वी और पश्चिमी छोर पर स्ववित्त योजना के तहत आवंटित दुकानों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गई हैं। धी. पेरियार ने कहा कि असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पश्चिम सिंहभूम द्वारा विज्ञापन संख्या 1519, दिनांक 20 जुलाई 2023 के तहत दुकानों का आवंटन निर्धारित मापदंड के अनुसार 8×10 फीट आकार में किया गया था, लेकिन वर्तमान में अधिकांश दुकानों का आकार तय सीमा से अधिक कर लिया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई दुकानों का निर्माण बिना नक्शा पास कराए और बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के किया गया है, जो स्पष्ट रूप से अवैध अतिक्रमण के दायरे में आता है। संगठन का कहना है कि सदर अस्पताल जैसे संवेदनशील और जनहित से जुड़े परिसर में इस तरह का अतिक्रमण मरीजों की सुरक्षा और अस्पताल की व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है।
धी. पेरियार ने सवाल उठाया कि बिना प्रशासनिक संरक्षण के इस तरह का अवैध निर्माण कैसे संभव हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो मामले को उच्च स्तरीय जांच एजेंसियों, मानवाधिकार आयोग और न्यायालय तक ले जाया जाएगा।
संगठन की ओर से मांग की गई है कि सभी अवैध रूप से विस्तारित दुकानों को तत्काल चिन्हित कर हटाया जाए, दोषी अधिकारियों और दुकानदारों पर कानूनी कार्रवाई हो तथा अस्पताल परिसर को अतिक्रमण मुक्त कर मरीजों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए।

