11वीं राज्य कराटे चैंपियनशिप 2025 संपन्न, पश्चिमी सिंहभूम के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): कराते-डो एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में जे.आर.डी. टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में आयोजित तीन दिवसीय 11वीं राज्य कराटे चैंपियनशिप 2025 का समापन रविवार को हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 21 दिसंबर 2025 तक किया गया, जिसमें पूरे झारखंड के विभिन्न जिलों से आए कराटे खिलाड़ियों ने भाग लिया।


इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लगभग 235 चयनित खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्वी सिंहभूम के सांसद विद्युत वरण महतो ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

चैंपियनशिप में पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराटे खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। 11–13 वर्ष आयु वर्ग के बालक कुमिते (45 किग्रा से कम) में हितेश खत्री ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि इसी आयु वर्ग के काता में उन्होंने कांस्य पदक प्राप्त किया। 13–15 वर्ष बालक काता में वासु आदित्य सिंह ने रजत पदक हासिल किया और सर्वेश खत्री ने कांस्य पदक जीता।
वहीं 15–17 वर्ष बालक काता में दक्ष कुमार गोप ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा 15–17 वर्ष बालक कुमिते (50 किग्रा से कम) में दक्ष कुमार गोप ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
इस चैंपियनशिप में कराते-डो एसोसिएशन ऑफ पश्चिमी सिंहभूम के सचिव मनीष पाडेया एवं रंजिता सुंडी ने निर्णायक के रूप में भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान ऑल इंडिया कराटे फेडरेशन के महासचिव सह कराते-डो एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष नंदजी प्रसाद, झारखंड एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विमल आनंद नाग तथा सचिव एवं कराते-डो एसोसिएशन ऑफ पश्चिमी सिंहभूम के मुख्य प्रशिक्षक राहुल कुमार गोप भी मौजूद रहे।

