Latestझारखण्ड

झारखंड में अगले 14 मई तक आंधी-बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रांची : झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और आने वाले दिनों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है।

रविवार को राजधानी रांची समेत खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग और बोकारो जिलों में तेज बारिश और गरज के साथ वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं धनबाद, कोडरमा, गुमला और पूर्वी हिस्सों के जिलों में भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। पश्चिमी सिंहभूम में भी हल्की से मध्यम बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 14 मई तक राज्य में मौसम का यही हाल बना रह सकता है। इस दौरान अलग-अलग जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। खराब मौसम को देखते हुए किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि आंधी-तूफान के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें।

तापमान की बात करें तो रांची में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है, जबकि जमशेदपुर और धनबाद में पारा 34 डिग्री तक पहुंच सकता है। डाल्टनगंज और मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। वहीं देवघर और मैक्लूसकीगंज में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है।

Share this news