बिरसा मुंडा ताइक्वांडो एकेडमी का छह दिवसीय विंटर कैंप शुरू
चाईबासा: चाईबासा स्थित बिरसा मुंडा ताइक्वांडो एकेडमी द्वारा अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सृजन शाखा के सहयोग से छह दिवसीय ताइक्वांडो विंटर कैंप का शुभारंभ किया गया। इस शिविर में एकेडमी से जुड़े बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ताइक्वांडो की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास किया।


कैंप के उद्घाटन सत्र में बच्चों ने अपनी प्रतिभा और प्रतिस्पर्धा का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर अभिभावकों और उपस्थित अतिथियों में खासा उत्साह देखा गया। मौके पर लायंस क्लब के वरिष्ठ सदस्य साकेत चौबे एवं आदिवासी उरांव समाज संघ के उप सचिव लालू कुजूर ने बच्चों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शीतकालीन अवकाश के समय का सदुपयोग इस तरह के खेल प्रशिक्षण में करना चाहिए, जिससे शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं।

संरक्षक गीता बालमुचू एवं अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला जागृति शाखा की अध्यक्ष रुचि चौबे ने बताया कि इस विंटर कैंप का उद्देश्य बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित करना, उनमें अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करना तथा शारीरिक व मानसिक विकास को बढ़ावा देना है। शिविर के दौरान बच्चों को ताइक्वांडो के मूलभूत अभ्यास, आत्मरक्षा की तकनीकें और फिटनेस से जुड़े प्रशिक्षण दिए जाएंगे।

इस अवसर पर सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों के बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर परिषद चाईबासा की पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ भाजपा नेत्री एवं समाजसेवी गीता बालमुचू रहीं। उनके साथ साकेत चौबे, रुचि चौबे और लालू कुजूर भी विशेष रूप से उपस्थित थे। अतिथियों ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है और ताइक्वांडो जैसे खेल आत्मरक्षा के साथ अनुशासन भी सिखाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में एकेडमी के प्रशिक्षकों ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा 31 दिसंबर तक चलने वाले इस विंटर कैंप को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

