स्व. भगीरथ महतो की स्मृति में छतरडीह में एकदिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट एवं झूमर संगीत कार्यक्रम आयोजित
फुटबॉल टूर्नामेंट में उत्तम स्पोर्टिंग बना विजेता


चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत छतरडीह गांव में शुक्रवार को स्वर्गीय भगीरथ महतो की स्मृति में एकदिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट सह झूमर संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन युवा स्टार कमिटी छतरडीह के तत्वावधान में किया गया। फुटबॉल टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव एवं जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो के धर्मपत्नी भानुमती महतो ने संयुक्त रूप से किया। फाइनल मुकाबले में उत्तम स्पोर्टिंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹50,000 की राशि प्रदान की गई। वहीं शिवा स्पोर्टिंग को द्वितीय पुरस्कार स्वरूप ₹40,000, सिद्धू-कानू क्लब कुकड़ू को तृतीय पुरस्कार के रूप में ₹20,000 तथा किस्कू ब्रदर्स गम्हारिया को चतुर्थ पुरस्कार के रूप में ₹20,000 की राशि दी गई।
इस अवसर पर अपने संबोधन में अशोक साव ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। खेल हमें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाता है। साथ ही झूमर संगीत हमारी समृद्ध संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।
कार्यक्रम में उपस्थित भानुमती महतो ने आयोजन समिति को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से क्षेत्र में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है तथा आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भावना मजबूत होती है।
मौके पर झामुमो कुकड़ू प्रखंड अध्यक्ष कृत्तिवास महतो, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सह झारखंड आंदोलनकारी सुनील महतो,बैरासी सिरुम के ग्राम प्रधान सुषेण कुमार महतो, पूर्ण सिंह, डॉ. विभीषण महतो, मेघनाथ महतो, बबलु प्रमाणिक, मोहन सिंह, कमलेश महतो (समाजसेवी) सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।


