पश्चिमी सिंहभूम में धान अधिप्राप्ति केंद्रों का किया गया निरीक्षण
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिले में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार के निर्देशानुसार जिले भर में संचालित धान अधिप्राप्ति कार्य का अवलोकन किया गया। इस क्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खलको एवं संलग्न प्रखंड क्षेत्र के प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अंचल अधिकारियों द्वारा विभिन्न प्रखंडों में संचालित लैम्पस का निरीक्षण किया गया।


जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा गोपीनाथपुर, तांतनगर, लागड़ा एवं अंधारी लैम्पस का जायजा लिया गया, जबकि अन्य प्रखंडों में संलग्न पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के लैम्पस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धान खरीद के बाद ऑनलाइन किए गए प्रतिवेदन का भौतिक सत्यापन किया गया, जो सही पाया गया।

अवलोकन उपरांत जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खलको ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले में धान अधिप्राप्ति हेतु संचालित सभी 16 लैम्पस का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में संचालित 16 केंद्रों के माध्यम से अब तक लगभग 12 हजार क्विंटल धान की खरीदारी की जा चुकी है।


