पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है।
डबरा जंगल में हुई निर्मम हत्या अंधविश्वास और झाड़-फूंक के शक का नतीजा निकली। पुलिस ने इस मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


पुलिस के अनुसार ग्राम नावाडीह तेनार निवासी पच्चु मोची की गला रेतकर हत्या की गई थी। शव मिलने की सूचना पर लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल डालटनगंज भेजा गया। परिजनों द्वारा आवेदन देने में असमर्थता जताने पर चौकीदार के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि मृतक पर ओझा-गुणी होने का शक किया जा रहा था। अभियुक्तों का मानना था कि मृतक की वजह से उनके परिवार में बीमारी और मौत की घटनाएं हो रही हैं। इसी अंधविश्वास के चलते हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस ने बताया कि हत्या से पहले अभियुक्तों के बीच पैसों का लेन-देन भी हुआ था। 22 दिसंबर को सुनियोजित तरीके से चाकू से वार कर हत्या की गई। जांच के दौरान एक अभियुक्त के पास से खून लगा चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और लोगों से अंधविश्वास से दूर रहने की अपील की है।

