कुर्सी मिलते ही तूफानी दौरे में नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू
हाथी हमले में मृत ग्रामीण के परिजनों से मिलीं भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू


मझगांव(प्रकाश कुमार गुप्ता): भारतीय जनता पार्टी की नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष बनने के बाद गीता बालमुचू ने अपना पहला दौरा संवेदनशील मुद्दे से जुड़ा रखते हुए हाथी हमले में मृत ग्रामीणों के प्रति संवेदना व्यक्त की। शनिवार को वे बेनिसागर मझगांव के तिलकुटी टोला पहुंचीं और हाथी हमले में मारे गए प्रकाश दास के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
परिजनों से बातचीत के दौरान गीता बालमुचू ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और इस कठिन समय में भारतीय जनता पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की मर्जी के आगे किसी का वश नहीं चलता, लेकिन दुख की इस घड़ी में प्रशासन और समाज का दायित्व है कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग मिले।
मौके पर ही गीता बालमुचु ने फोन के माध्यम से मझगांव के अंचलाधिकारी से बात की।
उन्होंने अंचलाधिकारी से कहा कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हाथी हमले में मारे गए दोनों मृतकों के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

गीता बालमुचू ने पीड़ित परिवार को यह भरोसा भी दिलाया कि वे स्वयं वन विभाग के पदाधिकारियों से मुलाकात कर हाथी हमले में जान गंवाने वाले परिवारों को मिलने वाली सहायता राशि जल्द से जल्द दिलाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि मानव–हाथी संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान उनके साथ मझगांव के पूर्व प्रत्याशी भूषण पाट पिंगुवा, मझगांव मंडल अध्यक्ष पीताम्बर राउत, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र गोप, शैलेन्द्र बागची, प्रशांत पिंगुवा और सुरीन बिरुवा भी मौजूद थे। सभी नेताओं ने पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना प्रकट की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
पीड़ित परिवार ने नेताओं के गांव पहुंचने, संवेदना व्यक्त करने और प्रशासनिक सहयोग दिलाने के आश्वासन पर आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने भी हाथी हमले की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए स्थायी समाधान की मांग की।
यह दौरा गीता बालमुचू के जिला अध्यक्ष बनने के बाद का पहला दौरा माना जा रहा है, जिसे पार्टी और स्थानीय लोगों ने संवेदनशील और मानवीय पहल के रूप में देखा।

