मृत छात्र के परिजनों को मुआवजा देने की मांग, एनएसयूआई ने जताया विरोध
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झींंकपानी कैलेंडे गांव के पास स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज टेक्नो इंडिया के छात्र 20 वर्षीय विक्रम टुडू की मौत के मामले में कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।


मृतक विक्रम टुडू धनबाद जिले का निवासी था और टेक्नो इंडिया इंजीनियरिंग कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र था।
मंगलवार को युवा दिवस के अवसर पर कॉलेज परिसर में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस दौरान विक्रम टुडू एक हजार मीटर दौड़ स्पर्धा में शामिल हुआ था। दौड़ के क्रम में वह अचानक गिर पड़ा और बेहोश हो गया।
इसके बाद उसे सदर अस्पताल, चाईबासा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी मौत हृदय गति रुकने से हुई है।
इस घटना पर संज्ञान लेते हुए एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अनीष गोप सहित कांग्रेस नेताओं ने कॉलेज प्रबंधन की कड़े शब्दों में निंदा की है। बुधवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अनीष गोप ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह मामला कॉलेज प्रबंधन की घोर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बिना किसी शारीरिक जांच के एक हजार मीटर दौड़ स्पर्धा में छात्र को शामिल करने की अनुमति कैसे दी गई, यह गंभीर जांच का विषय है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दौड़ के दौरान मौके पर कोई चिकित्सीय दल मौजूद नहीं था और न ही किसी आपातकालीन स्थिति से निपटने की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी।
एनएसयूआई ने जिला प्रशासन, पश्चिमी सिंहभूम से उच्चस्तरीय जांच दल गठित कर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अनीष गोप ने कहा कि परिजन अपने बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज में दाखिला कराते हैं, ऐसे में लापरवाही के कारण किसी छात्र की जान जाना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कॉलेज प्रबंधन ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया तो एनएसयूआई कॉलेज के खिलाफ आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस के जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, सचिव जगदीश सुंडी, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, उपाध्यक्ष मो. एहसान, महासचिव मो. जाबीर, वरीय कांग्रेसी संतोष सिन्हा, राकेश सिंह, राजेन्द्र कच्छप, प्रताप पुरती, संजय साव, मो. शाहिद सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

