Newsझारखण्ड

भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने किया जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण, कई गंभीर खामियां उजागर

 

 

जगन्नाथपुर(प्रकाश कुमार गुप्ता): सोमवार को भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने जगन्नाथपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई गंभीर समस्याएं सामने आईं, जिससे क्षेत्र की जनता को हो रही परेशानियों का खुलासा हुआ।

 

निरीक्षण में पाया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्तमान समय में केवल एक डॉक्टर डेपुटेशन पर कार्यरत हैं। डॉक्टरों की भारी कमी के कारण क्षेत्र की बड़ी आबादी को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है। मरीजों को इलाज के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं गंभीर मामलों में भी समुचित देखभाल नहीं मिल पा रही है।

 

स्वास्थ्य केंद्र में लेडी डॉक्टर की कमी को भी एक बड़ी समस्या के रूप में सामने लाया गया। लेडी डॉक्टर नहीं होने के कारण महिलाओं को इलाज कराने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, खासकर गर्भवती महिलाओं और महिला रोगियों को बाहर के अस्पतालों में जाना मजबूरी बन गई है।

 

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि अस्पताल में सीटी स्कैन जैसी आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इस कारण मरीजों को जांच के लिए बाहर रेफर किया जा रहा है, जिससे उन्हें समय और आर्थिक बोझ दोनों उठाना पड़ रहा है। कई मामलों में समय पर जांच नहीं होने से मरीजों की स्थिति और गंभीर हो जाती है।

 

इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को वेतन भुगतान नियमित रूप से नहीं हो रहा है। वेतन में देरी के कारण कर्मचारियों में असंतोष देखा गया, जिसका सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर पड़ रहा है।

 

निरीक्षण टीम ने इन सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। टीम ने डॉक्टरों की नियमित नियुक्ति, लेडी डॉक्टर की व्यवस्था, आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन भुगतान की समस्या के त्वरित समाधान की मांग की।

 

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन गोप, जगन्नाथपुर मंडल अध्यक्ष राय भूमिज, संजय बारिक, धीरज सिंह, विष्णु गुप्ता, जीतू गुप्ता, शशि दास, चेतन गोप, रवि दास, रानी तिरिया, बसंत गोप, विनीत गोप, नित्य बारीक, छोटेलाल लोहार, श्रवण नायक और श्रवण कुमार शर्मा उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *