कैरव गांधी अपहरण मामला: भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से की मुलाकात, शीघ्र व निष्पक्ष जांच की मांग
जमशेदपुर।


युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कैरव गांधी की गुमशुदगी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए मामले में शीघ्र, प्रभावी एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि यह घटना शहर की कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है। ऐसे मामलों में पुलिस प्रशासन को त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि आम जनता का भरोसा बना रहे।
इस अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि यदि मामले में जल्द ठोस परिणाम सामने नहीं आते हैं, तो पार्टी जनभावनाओं के अनुरूप लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा के वरिष्ठ नेतागण इस मामले को लेकर गंभीर हैं और संकट की इस घड़ी में पार्टी कैरव गांधी के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
प्रतिनिधिमंडल में जिला पदाधिकारी प्रदीप महतो, बबुआ सिंह, राजीव सिंह, अनिल मोदी, पप्पू सिंह, कृष्णा शर्मा काली, बिनोद सिंह, उज्ज्वल सिंह सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित थे।

