Newsझारखण्ड

जस्टिस ऑन व्हील्स को जिला जज ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना  

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा द्वारा “जस्टिस ऑन व्हील्स” का शुभारंभ किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में व्यवहार न्यायालय परिसर से जिला जज द्वारा मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

 

इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम विनोद कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी, रजिस्ट्रार सिविल कोर्ट पूजा पांडे, एलएडीसी के अधिवक्तागण, अधिकार मित्र तथा न्यायालय के कर्मी उपस्थित थे।

 

जस्टिस ऑन व्हील्स के पहले दिन सदर प्रखंड परिसर में लोगों को कानूनी जानकारी दी गई। यहां एलएडीसी की अधिवक्ता पूजा चौरसिया और अधिकार मित्र भी मौजूद रहे। मोबाइल वैन के माध्यम से आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता की जानकारी दी गई।

 

इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने बताया कि जस्टिस ऑन व्हील्स एक महीने तक जिले के विभिन्न प्रखंडों और क्षेत्रों में जाकर विधिक जागरूकता का प्रचार-प्रसार करेगी। इस दौरान अधिकार मित्र और पैनल अधिवक्ता लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उन्हें कानूनी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

 

उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत छोटे दीवानी, फौजदारी और अन्य सुलह योग्य मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया जाएगा, ताकि लोगों को अदालत के चक्कर न लगाने पड़ें। आवेदन की प्रक्रिया सरल है, जिसमें प्रार्थी साधारण सफेद कागज पर आवेदन देकर अपने विवाद का समाधान करा सकते हैं।

 

जस्टिस ऑन व्हील्स प्रखंड स्तर के चयनित स्थानों पर जाकर काम करेगी। यह पहल न्याय को आम लोगों के दरवाजे तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और ग्रामीण व दूरदराज के क्षेत्रों में त्वरित और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने में सहायक साबित होगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *