राजखरसावां रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव व मेमू. संचालन को लेकर डीआरएम के समक्ष रखी गई मांगें
खरसावां :- चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत रेलवे परामर्शदात्री समिति की ओर से राजखरसावां रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव एवं लोकल, मेमू ट्रेनों के नियमित संचालन को लेकर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), चक्रधरपुर के समक्ष मांगें रखी गईं. रेलवे परामर्शदात्री समिति के सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि छोटराय किस्कू ने डीआरएम को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि कोरोना काल के बाद से राजखरसावां रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बंद है. इसके कारण राजखरसावां, सीनी, महलीमुरूप, बड़ाबाम्बो सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ज्ञापन के माध्यम से शालीमार कुर्ला मुंबई एक्सप्रेस, यशवंत वीकली एक्सप्रेस, आनंद बिहार पुरी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों का ठहराव राजखरसावां स्टेशन पर पुनः प्रारंभ करने की मांग की गई है. साथ ही पुरी बरबिल एक्सप्रेस के विस्तार को चक्रधरपुर तक करने का अनुरोध भी किया गया है. इसके अलावा लोकल एवं मेमू ट्रेनों के समयबद्ध और नियमित संचालन पर विशेष जोर दिया गया. इसके अलावे सीकेपी-टाटा मेमू, एनएससीबी-गोमो सीकेपी, टाटा-बडबिल मेमू, टाटा-बिलासपुर, टाटा-राउरकेला सहित विभिन्न मेमू ट्रेनों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चलाने की मांग की गई है. वहीं टाटा-विशाखापट्टनम सुपरफास्ट एक्सप्रेस को नियमित रूप से चलाने तथा चक्रधरपुर-रांची मेमू ट्रेन शुरू करने की भी मांग रखी गई है. ज्ञापन में यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए राजखरसावां रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4 व 5 तथा बड़ाबाम्बो स्टेशन पर शौचालय की समुचित व्यवस्था, महलीमुुरूप स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज एवं अंडरब्रिज निर्माण, साथ ही सरायकेला जिला मुख्यालय को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की भी मांग शामिल है. रेलवे परामर्शदात्री समिति ने उम्मीद जताई है कि मंडल रेल प्रशासन जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगा और यात्रियों की सुविधा के लिए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा.



