जूते की दुकान से चल रहा था नशे का धंधा, सिमडेगा पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
सिमडेगा जिले में पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फुटवियर दुकान की आड़ में चल रहे नशे के धंधे का पर्दाफाश किया है। शहरी क्षेत्र की गुलजार गली स्थित एक जूते की दुकान से प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की गई हैं।


पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सम्राट बूट हाउस नामक दुकान से नशीली दवा पैभोन स्वास प्लस की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर सिमडेगा एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ बैजू उरांव के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम में सदर थाना प्रभारी रोहित कुमार रजक सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।
पुलिस टीम ने दुकान में छापेमारी की, जहां से पैभोन स्वास प्लस के 114 कैप्सूल और 11 खाली डब्बे बरामद किए गए। मौके से दुकान संचालक मो सैफ अली अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी नशीली दवाओं को जब्त करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसडीपीओ बैजू उरांव ने प्रेस वार्ता में बताया कि सिमडेगा पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए ऐसे तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

