महिला कॉलेज चाईबासा के इग्नू अध्ययन केंद्र में मेगा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): महिला कॉलेज चाईबासा स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र 0525 की ओर से शनिवार को मेगा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र के सीनियर रीजनल डायरेक्टर शुभकांत मोहंती मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में इंटरमीडिएट के छात्र, बीएड प्रशिक्षु, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम के पारा लीगल वॉलंटियर्स तथा सीआरपीएफ 197 बटालियन के जवानों सहित करीब 400 लाभार्थियों ने भाग लिया।


कार्यक्रम की शुरुआत डीपीएस पब्लिक स्कूल एवं इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट के छात्रों को संबोधित करने से हुई। शुभकांत मोहंती ने बताया कि इग्नू 12वीं के बाद बीए, बीकॉम, बीएससी जैसे स्नातक पाठ्यक्रम उपलब्ध कराता है, जो मल्टीपल एंट्री-एग्जिट प्रणाली के तहत संचालित होते हैं। उन्होंने कहा कि इग्नू की डिग्री यूजीसी से मान्यता प्राप्त है, जिससे छात्र सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में रोजगार के साथ-साथ उच्च शिक्षा के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम के पारा लीगल वॉलंटियर्स के साथ संवाद किया गया। उन्हें प्रशासन एवं विकास से जुड़े डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की जानकारी दी गई, जो उनके कार्यक्षेत्र में उपयोगी साबित हो सकते हैं।
बीएड प्रशिक्षुओं को शिक्षण क्षेत्र में रोजगार, उच्च शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। वहीं सीआरपीएफ 197 बटालियन के जवानों को इग्नू की विशेष शैक्षणिक योजनाओं से अवगत कराया गया, जिनके तहत जवान, अधिकारी और उनके परिजन यूजी, पीजी, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान काउंसलर मीट और प्रेस मीट का भी आयोजन किया गया, जिसमें इग्नू के पाठ्यक्रम, मूल्यांकन प्रक्रिया और नई पहलों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर दीपेंद्र कुमार, राजीव लोचन नमता, प्रीतिबाला सिन्हा, रवि चौधरी, सुरेश कुमार, राजू ओझा सहित महिला कॉलेज के शिक्षक, काउंसलर, छात्र, वॉलंटियर्स और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन में सुचिता बाड़ा, अर्पित सुमन, प्रशांत खरे और अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

