Newsझारखण्ड

राजधानी ट्रेन की बदहाली पर पूर्व सांसद सुनील सिंह का तंज, बुलेट ट्रेन के सपने पर सवाल

राजधानी एक्सप्रेस की लेटलतीफी और यात्री सुविधाओं को लेकर एक बार फिर रेलवे सवालों के घेरे में है। चतरा से भाजपा के पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता सुनील सिंह ने राजधानी ट्रेन के सफर के दौरान सामने आई परेशानियों को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी नाराज़गी जाहिर की है। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और रेलवे की कार्यप्रणाली पर तीखा तंज भी कसा।

सुनील सिंह ने अपने पोस्ट में बताया कि राजधानी एक्सप्रेस गाजियाबाद से नई दिल्ली के बीच महज 20 किलोमीटर की दूरी तय करने में करीब दो घंटे तक अटकी रही। उन्होंने यह भी लिखा कि ट्रेन में यात्रियों को समय पर खाने-पीने की सुविधा नहीं मिल सकी, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पूर्व सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए सवाल उठाया कि जब राजधानी जैसी प्रीमियम ट्रेन की यह स्थिति है, तो देश बुलेट ट्रेन जैसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का सपना कैसे पूरा करेगा।

वहीं दूसरी ओर, नई दिल्ली से रांची जा रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 20840 भी परिचालन संबंधी समस्या से प्रभावित हुई है। साहिबाबाद क्षेत्र में मालगाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण इस ट्रेन का मार्ग बदला गया और यह पुरानी दिल्ली स्टेशन पर कई घंटे तक खड़ी रही। रेलवे सूत्रों के अनुसार, अब यह ट्रेन अपने निर्धारित समय पर रांची नहीं पहुंच पाएगी और इसके मंगलवार शाम तक पहुंचने की संभावना है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद रेलवे की व्यवस्थाओं और प्रीमियम ट्रेनों की विश्वसनीयता को लेकर बहस तेज हो गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *