बड़ी बाजार से नितिन प्रकाश ने शुरू किया जनसंपर्क अभियान, “खाता-21” में दर्ज की जनसमस्याएं
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी नितिन प्रकाश ने शुक्रवार को अपने चुनावी जनसंपर्क अभियान की शुरुआत बड़ी बाजार स्थित यशोदा हॉल के समीप से की। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। अभियान की शुरुआत चाय पर चर्चा के साथ हुई, जहां उन्होंने लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।


इसके बाद नितिन प्रकाश समर्थकों के साथ बड़ी बाजार क्षेत्र में डोर-टू-डोर संपर्क अभियान पर निकले। उन्होंने लाल मस्जिद इलाके के वार्ड संख्या 6 और 8, एसपीजी मिशन कंपाउंड क्षेत्र, सिद्धेश्वर मंदिर के पीछे का इलाका, पोस्ट ऑफिस तक, धोबी तालाब रोड और कुम्हार टोली सहित आसपास के क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की।
जनसंपर्क के दौरान उन्होंने मतदाताओं से चूड़ी छाप, बटन संख्या तीन पर मतदान करने की अपील की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई, बिजली, जलनिकासी, स्वास्थ्य सुविधा और बाजार व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं।
नितिन प्रकाश ने सभी समस्याओं को अपने “खाता-21” में दर्ज करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शहर के विकास के लिए पारदर्शिता, ईमानदारी और जनभागीदारी जरूरी है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं और समर्थकों ने आगामी चुनाव में नितिन प्रकाश को विजयी बनाने का संकल्प जताया।

