जंगल में शव मिलने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): टेबो थाना क्षेत्र के ग्राम चकोमटोनांग से करीब 500 मीटर दूर जंगल में एक व्यक्ति का शव मिलने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में टेबो थाना कांड संख्या 03/2026, दिनांक 13.02.2026, धारा 103(1)/238/3(5) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है।


13 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान मोरा नाग (55 वर्ष), पिता उन्दु नाग, निवासी ग्राम चकोमटोनांग, बुरुटोला, थाना टेबो, जिला पश्चिम सिंहभूम के रूप में हुई।
इस मामले में कानु नाग (47 वर्ष), पिता उन्दु नाग, निवासी ग्राम चकोमटोनांग के फर्दबयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
प्राथमिकी में सनिका संगवार, पिता मागो संगवार और गोबाई संगवार, पिता बीर सिंह संगवार, दोनों निवासी ग्राम चकोमटोनांग को नामजद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। 14 फरवरी को पुलिस ने सनिका संगवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा पत्थर भी बरामद किया गया है।
छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक चक्रधरपुर कुमार विनोद, थाना प्रभारी टेबो सुशील कुमार मरांडी, रामाशीष प्रजापत, सुभाष कुमार महतो, अर्जुन उरांव, कार्तिक लोहरा, रतनलाल मुर्मू और डोमन सिंह सरदार शामिल थे।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।

