बाल्टी छाप के साथ मैदान में उतरे सुनील प्रसाद साव, वार्ड 18 में चलाया जनसंपर्क अभियान, शहर के खिलाड़ी एवं महिलाओं को दी प्राथमिकता
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी लगातार गली-मोहल्लों और वार्डों में जाकर मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं। इसी क्रम में अध्यक्ष पद के प्रबल उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव ने वार्ड संख्या 18 में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। उनके साथ समर्थकों की टोली भी मौजूद रही।


प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उनके प्रवक्ता ने बताया कि सुनील प्रसाद साव ने वार्ड 18 के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और अपने चुनावी मुद्दों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शहर का समग्र विकास है। शहर में जाम नालियों की समस्या, सड़कों पर जलजमाव और यातायात अव्यवस्था को दूर करना उनके मुख्य एजेंडे में शामिल है।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के लिए सुविधाओं पर जोर देते हुए कहा कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर शौचालय की व्यवस्था की जाएगी ताकि महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही महिलाओं के लिए मनोरंजन और बैठने की समुचित व्यवस्था करने की भी बात कही।

खिलाड़ियों के हित में उन्होंने कहा कि चाईबासा में क्रिकेट और फुटबॉल के दो अलग-अलग स्टेडियम हैं। दोनों स्टेडियम समितियों से बातचीत कर उन्हें एक विकसित खेल परिसर के रूप में तैयार किया जाएगा। स्टेडियम में जिम सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को बाहर जाने की जरूरत न पड़े।
सुनील प्रसाद साव ने दावा किया कि इस बार जनता बदलाव के मूड में है और उन्हें सभी वर्गों, संगठनों और समुदायों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे उनके चुनाव चिन्ह ‘बाल्टी छाप’ क्रम संख्या 9 पर मुहर लगाकर उन्हें विजयी बनाएं।
नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में चुनावी गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं और सभी प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं को साधने में जुटे हुए हैं।

