Newsझारखण्ड

बंगाल चुनाव से पहले कड़ी सुरक्षा, CAPF की 2400 कंपनियां होंगी तैनात

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की करीब 2400 कंपनियों की तैनाती का निर्णय लिया है। राज्य में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होना है, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।

जानकारी के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति बनाए रखने के लिए पहले ही 480 कंपनियों को तैनात किया जा चुका है। वहीं, शेष बलों की तैनाती चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। 31 मार्च तक 300 कंपनियों का पहला जत्था पहुंचेगा, इसके बाद 7 और 10 अप्रैल तक दो और चरणों में 300-300 कंपनियां तैनात होंगी। 13 अप्रैल तक 277 अतिरिक्त कंपनियां और 17 अप्रैल तक अंतिम चरण में 743 कंपनियों की तैनाती पूरी कर ली जाएगी।

मतदान संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में बलों की वापसी शुरू होगी, हालांकि मतगणना तक स्ट्रांग रूम और काउंटिंग केंद्रों की सुरक्षा के लिए करीब 200 कंपनियां तैनात रहेंगी। इसके अलावा, चुनाव के बाद संभावित हिंसा को देखते हुए कम से कम 500 कंपनियों को राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रखा जाएगा।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान और उसके बाद हिंसा की घटनाएं सामने आती रही हैं। पिछले वर्षों में हुए चुनावों के दौरान भी कई गंभीर घटनाएं दर्ज की गई थीं, जिन्हें लेकर न्यायिक स्तर तक मामले पहुंचे थे।

ऐसे में इस बार सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जा सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *