चाईबासा :बसंत कारवां झींकपानी थाना क्षेत्र के बेटेया गांव में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 18 वर्षीय छात्रा बंकी बुडीउली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव शुक्रवार सुबह गांव के समीप एक पेड़ से लटका मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
परिवार के अनुसार, मृतका दो दिन पूर्व ही छात्रावास से घर लौटी थी। गुरुवार रात परिवार के सदस्य एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। सुबह घर लौटने पर परिजनों ने पेड़ पर लटका शव देखा। इकलौती संतान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना झींकपानी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक तौर पर मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि से इनकार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।