महिला आयोग प्रमुख रूपाली चाकणकर वीडियो वायरल, नासिक ज्योतिषाचार्य पर आरोप गंभीर

नासिक: कथित ज्योतिषाचार्य पर महिला से दुष्कर्म और गुप्त वीडियो बनाने का आरोप


नासिक, महाराष्ट्र: राज्य की राजनीति और समाज को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। नासिक के कथित ज्योतिषाचार्य अशोक खरात उर्फ ‘कैप्टन’ को महिला से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 35 वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की।
जांच के दौरान आरोपी के ठिकानों, फॉर्महाउस और कार्यालय से कुल 58 संदिग्ध वीडियो बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, इन वीडियो में वह अलग-अलग महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहा है। प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि अशोक खरात ने अपने ठिकानों पर गुप्त कैमरे लगवाए थे, जिनके जरिए महिलाओं के वीडियो रिकॉर्ड किए जाते थे।
सूत्रों के अनुसार, नासिक के कनाडा कॉर्नर स्थित उसके ‘ओकस प्रॉपर्टी डीलर एंड डेवलपर्स’ कार्यालय में भी गुप्त CCTV कैमरे लगाए गए थे। पेनड्राइव में मिली कई क्लिप्स इसी कार्यालय में रिकॉर्ड किए जाने की आशंका है। फिलहाल, पुलिस की कार्रवाई के बाद यह कार्यालय बंद कर दिया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी महिलाओं को ज्योतिषीय सलाह और व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था और फिर उनके साथ दुष्कर्म या अन्य आपत्तिजनक कृत्य करता था।
मामले की संवेदनशीलता इसलिए और बढ़ गई है क्योंकि अशोक खरात के राजनीतिक हस्तियों के साथ करीबी संबंधों की बातें सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर उसके कई नेताओं के साथ तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं।
विशेष चर्चा का विषय वह वीडियो भी है, जिसमें महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर कथित तौर पर उनके पैर धोते हुए दिखाई दे रही हैं। इससे मामला और भी विवादित और संवेदनशील बन गया है।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। बरामद वीडियो और डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच जारी है। साथ ही, राजनीतिक कनेक्शन और संभावित पीड़ितों की संख्या की जांच के लिए दायरा बढ़ाया जा रहा है।

