गोड्डा में रामनवमी पर पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता, मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन

रामनवमी के अवसर पर महागामा विधानसभा क्षेत्र के ठाकुरगंगटी प्रखंड स्थित चपरी में पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुईं और पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।


मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि पारंपरिक खेल हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं और इन्हें आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अनुशासन, फिटनेस और सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करते हैं। मंत्री ने ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के राज्य सरकार के प्रयासों का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि कुश्ती जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं गांवों में सामाजिक सौहार्द को मजबूत करती हैं और युवाओं में आत्मविश्वास व प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। मंत्री ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, सरकार उन्हें मंच देने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय समिति, ग्रामीणों और खेल प्रेमियों का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता के दौरान अलग-अलग भार वर्गों में मुकाबले हुए, जिसमें खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया और दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियों से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

