Newsझारखण्डसरायकेला

चांगुआ में हरि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा, 251 महिलाओं की भक्ति से गूंजा क्षेत्र

 

राजनगर के चांगुआ गांव में श्री श्री सार्वजनिक हरि नाम संकीर्तन समिति, चांगुआ के तत्वावधान में मंगलवार को हरि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर 251 महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ कलश यात्रा में भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।

कलश यात्रा हरि मंदिर परिसर से शुरू होकर गाजे-बाजे के साथ खरकई नदी घाट और मुरुमडीह तक पहुँची। यहाँ पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में पवित्र जल भरवाया। इसके बाद श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन करते हुए गांव भ्रमण कर पुनः मंदिर पहुंचे।

मंदिर परिसर में विधिवत वैदिक मंत्रों के साथ 251 कलश स्थापित कर हरि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। पूरे आयोजन के दौरान हरिनाम संकीर्तन की ध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के उपरांत समिति ने सभी श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की।

समिति ने यह भी जानकारी दी कि चैत पूर्णिमा के पावन अवसर पर अष्टम पहर अखंड हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न संकीर्तन मंडलियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कमेटी के अध्यक्ष अश्विनी महतो, सचिव गोल्डी महतो, कोषाध्यक्ष सोनेलाल महतो, ग्राम प्रधान रवि महतो, मुख्य संचालक जवाहरलाल महतो सहित अन्य ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *