पुण्यतिथि पर मानव सेवा: स्व. दुर्गा पदो चटर्जी की याद में मरीजों को कराया भोजन

जमशेदपुर,


बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी निवासी स्वर्गीय दुर्गा पदो चटर्जी की तीसरी पुण्यतिथि पर उनके पुत्रों संजय चटर्जी एवं संजीव चटर्जी ने मानव सेवा का अनूठा उदाहरण पेश किया। इस अवसर पर बर्मामाइंस स्थित हिन्द कुष्ठ अस्पताल में रह रहे मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वादिष्ट भोजन कराकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
ज्ञात हो कि स्व. दुर्गा पदो चटर्जी अपने उदार व्यक्तित्व और समाजसेवा के लिए जाने जाते थे। 20 अप्रैल 2023 को सेवा कार्यों के दौरान उनका आकस्मिक निधन हो गया था, जिससे समाज को अपूरणीय क्षति हुई। उनके जाने के बाद भी उनकी स्मृतियां और उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं।
पुण्यतिथि के अवसर पर परिजनों ने उनके आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए इस दिन को मानव सेवा के लिए समर्पित किया। अस्पताल में मरीजों के बीच भोजन वितरण कर उन्हें सम्मानपूर्वक याद किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि स्व. चटर्जी ने समाज में जो पहचान बनाई, उसकी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन उनके पदचिन्हों पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।
कार्यक्रम में जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, सौमेन गिरि, प्रभास सरदार, निमाई मंडल, प्रधान संडील सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने स्व. चटर्जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

