गिरिडीह में छात्रा से दुर्व्यवहार का आरोप, प्रिंसिपल गिरफ्तार; लोगों में आक्रोश

गिरिडीह: जिले के पचंबा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक स्कूल के प्रिंसिपल पर नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और गलत व्यवहार करने का आरोप लगा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया है।



जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय छात्रा उसी स्कूल में पढ़ाई करती थी, जहां आरोपी प्रिंसिपल कार्यरत था। आरोप है कि बीते कुछ समय से वह छात्रा के साथ अनुचित हरकतें कर रहा था। डर और संकोच के कारण छात्रा इस बात को किसी से साझा नहीं कर पा रही थी।
हालांकि, जब मामला बढ़ता गया तो छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने स्कूल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और संस्थान को बंद करने की भी बात कही जा रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

