Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं पर समीक्षा, सुधार और सख्ती के कई फैसले

सरायकेला: स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से सरायकेला सदर अस्पताल में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, सिविल सर्जन डॉ. सरयू कुमार सिंह और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. नकुल चौधरी मौजूद रहे।

बैठक में अस्पताल की वर्तमान व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई और मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने साफ निर्देश दिया कि अस्पताल में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर प्रतिदिन सार्वजनिक किया जाएगा, ताकि आम लोगों को ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों की जानकारी मिल सके। इसके अलावा लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर और वार्डों में डॉक्टरों का नियमित राउंड सुनिश्चित किया जाएगा।

इमरजेंसी वार्ड के बाहर डॉक्टरों के लिए अलग कक्ष का निर्माण, वार्ड के समीप शौचालय की व्यवस्था तथा पोस्टमार्टम हाउस की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी। साथ ही कुत्ता, सांप या अन्य जहरीले जीवों के काटने पर जरूरी दवाओं और टीकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मरीजों के लिए शुद्ध भोजन, स्वच्छ पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से लागू कर उनकी निगरानी की जाएगी। उन्होंने हाल ही में राजनगर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इस तरह के मामलों को लेकर गंभीर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर पंचायत जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share this news