मुसाबनी : पूर्वी सिंहभूम जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाबनी में “परियोजना उल्लास” के तहत एक दिवसीय नि:शुल्क मिर्गी जांच शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त के निर्देश एवं सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में 81 मरीजों की स्क्रीनिंग कर उन्हें नि:शुल्क दवा उपलब्ध कराई गई।
शिविर का निरीक्षण जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा ने किया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और व्यवस्था पर संतोष जताया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों को एक माह की दवा के साथ आने-जाने एवं भोजन की भी नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि “परियोजना उल्लास” के तहत इससे पूर्व घाटशिला अनुमंडल अस्पताल, पटमदा, साकची, चाकुलिया और पोटका में भी सफल शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। उसी कड़ी में इस माह मुसाबनी में शिविर लगाया गया।
शिविर को सफल बनाने में जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सह परियोजना उल्लास के नोडल पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुंदर लाल मार्डी, मनोचिकित्सक डॉ. दीपक कुमार गिरि समेत कई चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, सहिया साथियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। मरीजों एवं उनके परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए जिला प्रशासन और सिविल सर्जन के प्रति आभार जताया।