सरायकेला-खरसावां : जिले में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन की ओर से खराब पड़े चापाकलों और जलमीनारों की मरम्मत के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर सभी प्रखंडों और पंचायतों में तकनीकी टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण और मरम्मत कार्य किया जा रहा है।
शुक्रवार को अभियान के तहत विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पड़े पेयजल स्रोतों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान तकनीकी टीमों ने कुल 22 खराब चापाकलों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराया। प्रशासन की ओर से प्राप्त शिकायतों और चिन्हित स्थलों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रामीण इलाकों में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला-खरसावां के कार्यपालक अभियंता के मार्गदर्शन में शेष खराब चापाकलों और जलमीनारों की भी चरणबद्ध तरीके से मरम्मत की प्रक्रिया जारी है। जिला प्रशासन ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।