Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर में किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा का विरोध प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

राजनगर : किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बुधवार को राजनगर प्रखंड कार्यालय के समक्ष भारतीय जनता पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के तीनों मंडल अध्यक्षों ने संयुक्त रूप से किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं किसान शामिल हुए।

प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, पूर्व विधायक अनंतराम टुडू, रमेश हांसदा, भुवनेश्वर महतो, विनोद ज्योतिषी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी करते हुए किसानों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा।

भाजपा नेताओं ने कहा कि किसानों को अब तक उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। समय पर खाद-बीज उपलब्ध नहीं होने तथा सिंचाई व्यवस्था की कमी के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के हित में किए गए कई वादे अब तक धरातल पर नहीं उतर पाए हैं।

सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि राज्य के किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, जबकि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित दिखाई दे रही है। उन्होंने मांग की कि किसानों को सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए और कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए प्रखंड कार्यालय परिसर में गहमागहमी का माहौल बना रहा। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो पार्टी आने वाले दिनों में व्यापक आंदोलन करेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, किसान एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share this news