LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

राजनगर में पारिवारिक विवाद ने लिया गंभीर रूप, पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप

सरायकेला ज़िले के राजनगर थाना क्षेत्र से पारिवारिक विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। मामला धुरीपदा पंचायत अंतर्गत धुरीपदा गांव का है, जहां बिजय बनरा नामक युवक पर घर में घुसकर महिला को पिस्टल दिखाने, मारपीट करने और पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगा है।

 

पीड़ित पक्ष के अनुसार सोमवार शाम करीब 6 बजे आरोपी बिजय बनरा अचानक सोमवारी बनकिरा के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने घर में घुसते ही पिस्टल दिखाकर महिला को जान से मारने की धमकी दी। भयभीत होकर महिला घर से बाहर भागी। इसी दौरान आरोपी ने महिला के ससुर के साथ भी मारपीट की और पूरे परिवार को गोली मार देने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया।

 

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत रविवार को हुई थी, जब आरोपी ने नशे की हालत में अपनी पत्नी सबनम बनरा के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद सोमवार को वह अपने ससुराल पहुंचा और अपने साले की पत्नी सोमवारी बांकिरा को धमकाते हुए कथित तौर पर पिस्टल सटा दी।

 

घटना के बाद आरोपी के ससुराल पक्ष के लोग आरोपी का कुमडासोल गांव पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर मामले का समाधान निकालने की कोशिश की। हालांकि ग्रामीणों ने हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। गांव वालों का कहना था कि बिजय बनरा का आचरण लंबे समय से खराब रहा है और उसकी गतिविधियों के कारण ग्रामीण उससे दूरी बनाकर रखते हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उसे सामाजिक रूप से गांव से अलग कर दिया गया है।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण बुधवार को बड़ी संख्या में राजनगर थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित आवेदन सौंपा।

 

फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में बताया जा रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share this news