Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

 

 

सरायकेला-खरसावां। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, जवाबदेही एवं संस्थागत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई, जिसमें सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, सदर उपाधीक्षक डॉ. नकुल चौधरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), सभी चिकित्सा पदाधिकारी (एमओआईसी) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

 

बैठक में उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही दवाओं के अद्यतन स्टॉक संधारण, एक्सपायरी एवं नियर-एक्सपायरी दवाओं की पृथक निगरानी तथा उनके निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने सभी संस्थानों में फ्री ड्रग एवं फ्री टेस्ट बोर्ड को स्पष्ट एवं अद्यतन रूप से प्रदर्शित रखने का भी निर्देश दिया।

 

उपायुक्त ने कहा कि सभी ड्यूटी डॉक्टर इनडोर एवं आउटडोर मरीजों का पूरा रिकॉर्ड हस्ताक्षर, तिथि एवं समय सहित नियमित रूप से संधारित करें। उन्होंने लेबर रूम, ब्लड स्टोरेज रूम, ऑपरेशन थिएटर एवं कोल्ड चेन रूम से संबंधित सभी रजिस्टर एवं तापमान अभिलेखों को समय-समय पर अद्यतन रखने का निर्देश दिया।

 

बैठक में अस्पताल परिसरों की स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, उपकरणों की कार्यशीलता तथा एम्बुलेंस सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

 

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए रेफरल, ऑपरेशन थिएटर एवं डिलीवरी मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक रेफरल एवं गंभीर मामलों में स्पष्ट कारण अंकित किया जाए तथा सभी मातृ एवं शिशु रेफरल मामलों की उसी दिन रिपोर्टिंग अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही रेफरल मामलों का नियमित फॉलोअप एवं परिणाम ट्रैकिंग सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक रेफरल की पहचान कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को गंभीरता एवं तत्परता के साथ नियमित अनुश्रवण करते हुए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

Share this news