राजनगर-जुगसलाई मुख्य मार्ग पर इन दिनों अवैध खनिज परिवहन का खेल खुलेआम जारी है। यह मार्ग अवैध कारोबारियों का पसंदीदा रूट बन चुका है, जहां दिन-रात ओवरलोड कोयला और अन्य खनिजों का परिवहन धड़ल्ले से किया जा रहा है।
आज एक तेज रफ्तार ओवरलोड कोयला लदी हाइवा को ग्रामीणों ने रोक लिया, जिसके बाद पूरे सिंडिकेट की पोल खुलती नजर आई। ग्रामीणों द्वारा वैध कोयला परिवहन चालान मांगने पर चालक कोई अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और कथित तौर पर एक साधारण कच्चा कागज दिखाया।
वाहन संख्या JH05BY 3723 की जानकारी खंगालने पर पता चला कि वाहन की फिटनेस और इंश्योरेंस वर्ष 2024 में ही समाप्त हो चुकी है। इतना ही नहीं, हाइवा के कई टायर भी क्षतिग्रस्त पाए गए। ऐसे में सवाल उठता है कि बिना फिटनेस, बिना बीमा और संदिग्ध दस्तावेजों के सहारे यह भारी वाहन सड़कों पर कैसे दौड़ रहा है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे वाहन किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं और प्रशासन की निष्क्रियता के कारण आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
❓आखिर किसके संरक्षण में चल रहा है यह अवैध परिवहन?
❓बिना वैध दस्तावेजों के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों पर कार्रवाई कब होगी?