कानून के रक्षक पर कब्जे का आरोप, ढाई साल तक टाटा स्टील क्वार्टर में रहने का मामला गरमाया

जमशेदपुर के कदमा क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) और एसआरटी की संयुक्त टीम कंपनी के एक क्वार्टर को खाली कराने पहुंची। मामला कदमा टावर रोड स्थित टाटा स्टील क्वार्टर संख्या L5-55 से जुड़ा है, जहां ट्रैफिक पुलिस के एएसआई अमरेश कुमार सिंह पर पिछले करीब ढाई वर्षों से कथित रूप से अवैध कब्जा कर रहने का आरोप लगाया गया है। अधिकारियों का दावा है कि क्वार्टर का ताला तोड़कर उसमें निवास किया जा रहा था तथा इस दौरान बिजली और पानी का उपयोग बिना वैध अनुमति के किया गया, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। क्वार्टर खाली कराने पहुंची टीम और कब्जाधारी पक्ष के बीच तीखी बहस और नोकझोंक भी हुई, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि कंपनी की संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि उक्त क्वार्टर खाली रहता तो उसे किसी पात्र और जरूरतमंद कर्मचारी को आवंटित किया जा सकता था। घटना के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि आरोप एक ऐसे व्यक्ति पर लगे हैं जो स्वयं कानून व्यवस्था से जुड़ा हुआ है।



