जामताड़ा में कट्टा दिखाकर धमकी देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, देसी हथियार

जामताड़ा : जिले के बिन्दापाथर थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जान से मारने की धमकी देने और अवैध हथियार के प्रदर्शन के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में फैले तनाव के माहौल में राहत देखी जा रही है।


मामला 18 जून 2026 का बताया जा रहा है, जब मुड़ाबहाल गांव निवासी 20 वर्षीय उज्जवल पंडित ने बिन्दापाथर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पुरानी रंजिश को लेकर बरदेही गांव के कुछ युवकों ने बेलियापुर फुटबॉल मैदान में उसे घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार इसी दौरान एक आरोपी ने कमर से देसी कट्टा निकालकर उस पर तान दिया, जिससे वह दहशत में आ गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सनहा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले को प्राथमिकता देते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाला के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया, जिसके बाद पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सालपतरा इलाके के पास सड़क किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया देसी कट्टा भी बरामद कर लिया। इसके बाद दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है और कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी घटना टल गई।

