केजीएन मेडिकल लूटकांड व फायरिंग का फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस को मिली बड़ी सफलता

15 माह से फरार अपराधी सारिक साह उर्फ घेधा दबोचा गया, कई संगीन मामलों में रहा है शामिल


चांडिल: चांडिल थाना के कपाली ओपी क्षेत्र के कबीरनगर स्थित केजीएन मेडिकल दुकान में रंगदारी, फायरिंग और लूट की घटना में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सारिक साह उर्फ घेधा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी सरायकेला-खरसावां पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई। पुलिस के अनुसार 5 अप्रैल 2025 की रात करीब 9:50 बजे केजीएन मेडिकल दुकान में घुसकर अपराधियों ने संचालक साकिब परवेज से रंगदारी की मांग की थी। विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई तथा दुकान में तोड़फोड़ कर नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया गया था। इस मामले में चांडिल (कपाली ओपी) थाना कांड संख्या 57/2025 दर्ज किया गया था। तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अब तक इस कांड में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। मामले का नौवां आरोपी सारिक साह उर्फ घेधा लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने उसे बागानशाही रोड नंबर-07 स्थित मुर्दी मैदान क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त पिस्तौल और गोली पहले ही आरोपी दानिश कुरैशी उर्फ छोटू की निशानदेही पर बरामद की जा चुकी है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कपाली, चांडिल, पटमदा, गोविंदपुर तथा पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न थानों में लूट, रंगदारी, फायरिंग और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। छापामारी दल में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, एसआई रणजीत कुमार सिंह, एसआई मनोज कुमार राय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


