Newsझारखण्ड

पुलिस हिरासत से रिहा हुए जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो, बोले- जनहित की लड़ाई जारी रहेगी

 

 

रांची: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो को पुलिस हिरासत से रिहा कर दिया गया है। उन्हें सोमवार दोपहर करीब दो बजे आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने और लिखित शर्तों के बाद रिहा किया गया। महतो को लातेहार जिले के सीसीएल क्षेत्र में चल रहे आंदोलन के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया था।

 

रिहाई के बाद बालूमाथ थाना परिसर में समर्थकों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच उत्साह का माहौल देखा गया। गिरफ्तारी के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक थाना परिसर पहुंचे थे और लगातार विरोध दर्ज करा रहे थे। इसके बाद प्रशासन ने उन्हें रिहा कर दिया।

 

रिहा होने के बाद देवेंद्र नाथ महतो अपने समर्थकों के साथ बालूमाथ चौक पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय रामकुमार भगत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

 

लातेहार पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी के बीच उन्हें जिला सीमा तक पहुंचाया। इसके बाद वह रांची पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत की।

 

देवेंद्र नाथ महतो ने आरोप लगाया कि लातेहार के मगध परियोजना क्षेत्र में लंबे समय से अवैध उत्खनन और अनियमित परिवहन का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन की लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण अवैध उत्खनन से बने जलाशय में डूबने से तीन स्थानीय बच्चों की मौत हुई, जो बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है।

 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जनसमस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है और प्रशासन तथा संबंधित कंपनी का रवैया उदासीन बना हुआ है। महतो ने मृतक परिवारों को न्याय, उचित मुआवजा और स्थानीय लोगों की लंबित मांगों को पूरा करने की मांग दोहराई।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र के लोगों के अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। साथ ही प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और क्षेत्रीय समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।

Share this news