JamshedpurNewsझारखण्ड

श्रीनाथ यूनिवर्सिटी में मेगा OJT ड्राइव, 255 से अधिक छात्रों का प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन

 

जमशेदपुर: श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित मेगा ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) ड्राइव में बड़ी संख्या में छात्रों को उद्योगों से जुड़ने का अवसर मिला। इस प्लेसमेंट अभियान में अपोलो टायर्स, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और एएसएल मोटर्स जैसी अग्रणी कंपनियों ने हिस्सा लिया और डिप्लोमा पाठ्यक्रम के 255 से अधिक विद्यार्थियों का चयन किया।

 

विश्वविद्यालय के अनुसार, चयनित विद्यार्थियों को कंपनियों में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग के दौरान आकर्षक स्टाइपेंड के साथ वास्तविक औद्योगिक माहौल में कार्य करने का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों को तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक अनुभव और उद्योगों की कार्यशैली को करीब से समझने का मौका मिलेगा, जो उनके भविष्य के करियर के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

 

विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इस तरह की ट्रेनिंग अकादमिक शिक्षा और उद्योग की वास्तविक जरूरतों के बीच की दूरी को कम करने में अहम भूमिका निभाती है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को अनुभवी विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में काम करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता और पेशेवर कौशल में वृद्धि होगी।

 

भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित छात्रों को संबंधित कंपनियों की ओर से लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) भी प्रदान किए गए। विश्वविद्यालय के सीनियर डायरेक्टर (ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट) ए.के. शाही ने कहा कि श्रीनाथ यूनिवर्सिटी उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए छात्रों को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराती है। इसी रणनीति के कारण यहां के विद्यार्थियों को लगातार बेहतर करियर अवसर मिल रहे हैं।

 

इस अवसर पर एनआईआईटी के अरूप मांझी सहित प्लेसमेंट सेल के मिन्हाज शेख, शंकर, जयाथी, सुबोदीप भद्र, विकास कुमार और शुभम नायक मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।

Share this news