पाण्ड्रा पंचायत भवन में लर्नर लाइसेंस शिविर, 60 अभ्यर्थियों ने परीक्षा की पास

सरायकेला-खरसावां: जिला प्रशासन के निर्देश पर गुरुवार को सरायकेला प्रखंड के पाण्ड्रा पंचायत भवन में लर्नर लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन जिला परिवहन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव की उपस्थिति में किया गया।


शिविर में छोटा दावना, मुड़कुम, नुवागांव, पठानमारा, गोविंदपुर, पाण्ड्रा और ईटाकुदर पंचायत के उन अभ्यर्थियों की प्रक्रिया पूरी कराई गई, जिन्होंने पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया था। इस दौरान दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच और लर्नर लाइसेंस परीक्षा आयोजित की गई।
परिवहन विभाग के अनुसार, शिविर के लिए कुल 105 अभ्यर्थियों ने स्लॉट बुक कराया था। इनमें 60 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल रहे, 20 अभ्यर्थी सफल नहीं हो सके, जबकि 25 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
शिविर के दौरान लोगों को लर्नर लाइसेंस और ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन, स्लॉट बुकिंग, आवश्यक दस्तावेज, शुल्क भुगतान और परिवहन विभाग की डिजिटल सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव ने नागरिकों से परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने वाहन चालकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का आग्रह किया।

