सरायकेला नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में कई अहम फैसले, बरसात में फॉगिंग अभियान और पेयजल व्यवस्था सुधार पर जोर

सरायकेला: नगर पंचायत सरायकेला बोर्ड की तृतीय बैठक अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में नगर पंचायत कार्यालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में नगर के विकास, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।


बैठक में बरसात के मौसम को देखते हुए डेंगू, मलेरिया और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए पूरे नगर क्षेत्र में नियमित फॉगिंग और लार्वा नाशक दवाओं के छिड़काव का निर्णय लिया गया। साथ ही सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा जलजमाव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने पर भी सहमति बनी।
बोर्ड ने वार्ड संख्या 3, 6 और 10 में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के समाधान के लिए राइजिंग पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने का निर्णय लिया। वहीं नगर में बढ़ते अतिक्रमण और यातायात जाम की समस्या के समाधान के लिए अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों और चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में वर्तमान बस स्टैंड के स्थानांतरण, जरूरत वाले वार्डों में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने, विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए नए पोल लगाने, जर्जर बिजली लाइनों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दों पर भी निर्णय लिया गया।
नगर पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो कार्यालय सहायकों और एक विद्युत मिस्त्री की संविदा पर नियुक्ति का भी फैसला लिया गया। इसके अलावा नगर के तालाबों और पार्कों के बेहतर रख-रखाव, सौंदर्यीकरण तथा नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर भी बोर्ड ने सहमति जताई।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नगर की आय बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना नगर पंचायत की प्राथमिकता है।

