Newsझारखण्डसरायकेला

डीप बोरिंग सह जलमीनार निर्माण कार्य का शिलान्यास, 7 लाख की लागत से बनेगी योजना

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत टीटीडीह पंचायत के छोटा खीरी गांव में शनिवार को जिला परिषद मद से स्वीकृत डीप बोरिंग सह जलमीनार निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। करीब 7 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस योजना का शुभारंभ जिला परिषद क्षेत्र संख्या-17 की सदस्य अमोदिनी महतो ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर किया।
यह योजना सानाराइज इंग्लिश स्कूल के सामने हरेकृष्णा महतो के घर के समीप निर्माण की जाएगी। जलमीनार बनने से गांव एवं आसपास के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा और लंबे समय से बनी पेयजल की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास के अवसर पर जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है और आगे भी जनहित के कार्य लगातार जारी रहेंगे।
इस अवसर पर पंचायत के जनप्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने योजना शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।

Share this news