LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

कुकड़ू में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

सरायकेला-खरसावां: कुकड़ू प्रखंड सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला की अध्यक्षता में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत विभिन्न संकेतकों की प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई।

बैठक में एबीएफ सागर कुमार ने आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के विभिन्न संकेतकों की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं, कम प्रगति वाले संकेतकों की स्थिति और इसके कारणों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।

स्वास्थ्य एवं पोषण के तहत एएनसी पंजीकरण, संस्थागत प्रसव, यक्ष्मा उपचार, एनसीडी स्क्रीनिंग और आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं और शौचालय से संबंधित मानकों की जानकारी ली गई। कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में एफएमडी वैक्सीन, कृषि गतिविधियों, जेएसएलपीएस के स्वयं सहायता समूहों और बैंकिंग सुविधाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।

इसके अलावा पीएम आवास योजना ग्रामीण और स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में आंकड़ों की शुद्धता, समय पर रिपोर्टिंग और विभागीय अभिलेखों से आंकड़ों के सत्यापन पर विशेष जोर दिया गया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी विभागों को कम प्रगति वाले संकेतकों पर विशेष ध्यान देते हुए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने, नियमित क्षेत्र भ्रमण और योजनाओं की निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने आगामी समीक्षा बैठक में अद्यतन प्रगति रिपोर्ट और की गई कार्रवाई के साथ उपस्थित होने को कहा।

बैठक में एबीएफ सागर कुमार, एमओ डॉ. अनुपम घोषाल, डॉ. निम्मन राशि टोप्पो, डॉ. हरेलाल महतो, संजय जोशी, अमित कुमार दुबे, अतेश कुमार, उज्ज्वल चक्रवर्ती, मीनाक्षी पांडेय, सुनीता कुदादा, हिमांशु कुमार, राहुल रंजन, देशबंधु महतो, अर्चना शर्मा और बेबी महतो समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Share this news